सिंगरौली। इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करने वाले सिंगरौली के विद्यार्थियों के लिए नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने महत्वपूर्ण पहल की है। कंपनी ने परिधीय क्षेत्र के विद्यार्थियों के साथ एनसीएल परिवार के आकांक्षी विद्यार्थियों को जेईई और नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराने की पहल ‘उड़ान’ शुरू की है।
इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने बड़ी पहल की है। कंपनी ने ‘उड़ान’ के तहत एनसीएल परिवार और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को जेईई व नीट की तैयारी के लिए स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए एनसीएल ने श्री चैतन्या एकेडमी और एसएसजी ईक्यू एलएलपी के साथ एमओयू किया है। इसके तहत स्कूल के बाद विद्यार्थियों को एनसीएल डीएवी दूधीचुआ में श्री चैतन्या एकेडमी और एनसीएल डीएवी खड़िया में एसएसजी ईक्यू एलएलपी द्वारा जेईई-नीट की कोचिंग दी जाएगी। एमओयू पर एनसीएल की ओर से महाप्रबंधक (मानव संसाधन/कल्याण) राजेश त्रिवेदी ने हस्ताक्षर किए। श्री चैतन्या एकेडमी की ओर से विकास सिंह परिहार और एसएसजी ईक्यू एलएलपी की ओर से दुर्गेश्वर मिश्रा ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम में सीएमडी एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक मानव संसाधन मनीष कुमार और निदेशक तकनीकी आशुतोष द्विवेदी मौजूद रहे। एनसीएल के अनुसार पहल का उद्देश्य सिंगरौली जैसे दूरस्थ क्षेत्र के विद्यार्थियों को महानगरों के समान गुणवत्तापूर्ण प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी का अवसर देना है। स्थानीय स्तर पर कोचिंग मिलने से विद्यार्थियों को बाहर जाकर पढ़ाई करने की जरूरत कम होगी और उनके समय व संसाधनों की बचत होगी। एनसीएल के 11 वित्तपोषित विद्यालयों में वर्तमान में 13 हजार से अधिक विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। कंपनी का कहना है कि ‘उड़ान’ पहल क्षेत्र में शैक्षणिक अवसरों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
