कुशीनगर। जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां ससुराल आए एक युवक ने अपनी साली की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। ससुराल आए एक युवक ने अपनी साली की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, तरयासुजान थाना क्षेत्र के बसडिला बुजुर्ग गांव निवासी शंभू प्रजापति का दामाद जितेंद्र, जो बिहार के गोपालगंज का रहने वाला था, ससुराल आया हुआ था। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह नाश्ता करने के बाद उसने अपनी 18 वर्षीय साली नैना कुमारी को कमरे में बुलाया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद कमरे से गोली चलने की आवाज आई। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर देखा तो नैना और जितेंद्र दोनों खून से लथपथ पड़े थे। जांच में पता चला कि जितेंद्र ने पहले नैना को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मार ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस क्षेत्राधिकारी जयंत यादव ने कहा कि घटना के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।
