सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल ने जिला चिकित्सालय सह ट्रॉमा सेंटर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान ओपीडी से लेकर विभिन्न वार्डों तक कई गंभीर लापरवाहियां सामने आईं, जिस पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया।
जिला चिकित्सालय सह ट्रॉमा सेंटर में कलेक्टर गौरव बैनल के औचक निरीक्षण ने व्यवस्थाओं की असल तस्वीर उजागर कर दी। ओपीडी से लेकर वार्डों तक कई खामियां सामने आईं, जिन पर कलेक्टर ने मौके पर ही सख्त निर्देश जारी किए। सबसे पहले ओपीडी व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए, जहां आर्थोपेडिक डॉक्टर ड्यूटी से नदारद मिले और रजिस्टर में गड़बड़ी पकड़ी गई। वहीं, मुफ्त इलाज के हकदार मरीजों से शुल्क वसूले जाने का मामला भी सामने आया, जिस पर कलेक्टर ने तत्काल ऑपरेटर को हटाने और संबंधित संस्था पर कार्रवाई के आदेश दिए। अस्पताल के भीतर साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। इमरजेंसी, आईसीयू, एसएनसीयू और अन्य वार्डों में अव्यवस्था देखकर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही मरीजों के लिए नियमित भोजन, साफ बेडशीट और बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने को कहा। गर्मी के मौसम को देखते हुए बंद पड़े एसी-कूलर जल्द चालू कराने, लॉन्ड्री मशीन शुरू करने और संवेदनशील वार्डों में 24 घंटे स्टाफ की उपस्थिति अनिवार्य करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ट्रॉमा सेंटर में प्रस्तावित ब्लड बैंक स्थल का भी जायजा लिया और इसके शीघ्र संचालन पर जोर दिया। उन्होंने साफ कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं होगी।
