सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन में जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान को गति देने की तैयारी शुरू हो गई है। मंगल भवन देवसर में आयोजित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने आगामी मानसून को देखते हुए चिन्हित तालाबों के गहरीकरण कार्य को आगामी सोमवार से अनिवार्य रूप से प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों को तकनीकी अमले के साथ समन्वय कर कार्यस्थलों का निरीक्षण करने तथा वर्षा जल संचयन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही तालाबों के किनारों पर व्यापक वृक्षारोपण की योजना बनाने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने जिले में कार्यरत औद्योगिक समूहों को भी जल संरक्षण अभियान से जोड़ते हुए निर्देश दिए कि अदानी समूह सीएसआर मद से 15 तालाबों तथा हिन्डालको 10 तालाबों का जीर्णोद्धार कराएगा। संबंधित कंपनियों द्वारा तालाबों के सुधार एवं संरक्षण का कार्य किया जाएगा। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएम जनमन) की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि लाभार्थियों की किश्तों में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि आवास निर्माण के प्रत्येक चरण का भौतिक सत्यापन कर तत्काल अगली किश्त जारी की जाए, ताकि सभी पात्र परिवारों को समय पर पक्का मकान मिल सके। स्वास्थ्य क्षेत्र की समीक्षा के दौरान आयुष्मान भारत योजना के तहत शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए विशेष कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। जिन हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड तकनीकी कारणों या दस्तावेजों की कमी से नहीं बन पा रहे हैं, उनके लिए विशेष शिविर आयोजित करने को कहा गया। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।
