राजगढ़। तलेन थाना क्षेत्र के ग्राम बिलालखेड़ी में जमीन की नपती को लेकर चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान शाजापुर जिले में पदस्थ एएसआई दिलीप प्रजापति ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से फायरिंग कर दी। गोली लगने से एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
देखे वीडियो-
जिले के तलेन थाना क्षेत्र के ग्राम बिलालखेड़ी में जमीन की नपती को लेकर चल रहा विवाद उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब शाजापुर जिले में पदस्थ एएसआई दिलीप प्रजापति ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से फायरिंग कर दी। गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार गांव में जमीन-प्लॉट को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोपहर में दोनों पक्ष आमने-सामने आए और विवाद बढ़ते-बढ़ते गाली-गलौज व हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान एएसआई दिलीप प्रजापति ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। एक गोली व्यक्ति के सीने में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य लोग भी गोली लगने से घायल हुए हैं। घायलों को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें शुजालपुर अस्पताल रेफर किया गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विवाद के दौरान फायरिंग और लोगों के भागते हुए दिखाई देने की बात सामने आई है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल से जा रहे आरोपी एएसआई दिलीप प्रजापति को हिरासत में लिया और उसकी लाइसेंसी बंदूक जब्त कर ली। तलेन पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि एएसआई का जमीन विवाद से सीधा संबंध था या वह किसी अन्य कारण से मौके पर मौजूद था। घटना के बाद बिलालखेड़ी में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजगढ़ एसपी ने जांच के निर्देश दिए हैं।
