अनूपपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसुमहाई गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां जंगली हाथी के हमले में एक युवती की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसुमहाई गांव में गुरुवार सुबह जंगली हाथी के हमले में एक युवती की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत पिपरिया की 23 वर्षीय जानकी कोल सुबह अपनी मां के साथ खेत जा रही थी। इसी दौरान अचानक पीछे से आए जंगली हाथी ने उस पर हमला कर दिया। हाथी ने उसे सूंड से पकड़कर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी अचानक दौड़ते हुए आया और हमला कर दिया, जिससे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। वन विभाग के अनुसार, यही हाथी एक दिन पहले सिंदूरी गांव में भी एक किशोर को घायल कर चुका है। फिलहाल जिले में पांच हाथियों का दल अलग-अलग क्षेत्रों में विचरण कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है।
