मनोरंजन डेस्क। बॉलीवुड अभिनेत्री और मशहूर शास्त्रीय नृत्यांगना हेमा मालिनी ने जन्माष्टमी के अवसर पर अपने चर्चित डांस बैले ‘राधा रास बिहारी’ की एक झलक सोशल मीडिया पर साझा की। वीडियो में हेमा मालिनी राधा के रूप में पारंपरिक पोशाक और आभूषणों से सजी नजर आईं। उन्होंने मंच पर शानदार शास्त्रीय नृत्य मुद्राओं के जरिए राधा-कृष्ण की भक्ति और प्रेम को प्रस्तुत किया।
बॉलीवुड अभिनेत्री एवं प्रसिद्ध शास्त्रीय नृत्यांगना हेमा मालिनी ने जन्माष्टमी के अवसर पर अपने चर्चित डांस बैले ‘राधा रास बिहारी’ की प्रस्तुति की झलक सोशल मीडिया पर साझा की। वीडियो में हेमा मालिनी राधा के रूप में पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों में नजर आईं। उन्होंने शास्त्रीय नृत्य की आकर्षक मुद्राओं के माध्यम से राधा-कृष्ण के दिव्य प्रेम को मंच पर जीवंत किया। वीडियो साझा करते हुए हेमा मालिनी ने जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और सभी के लिए शांति, खुशी एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने अपने संदेश में ‘राधे-राधे’ और ‘जय श्री कृष्ण’ भी लिखा। ‘राधा रास बिहारी’ हेमा मालिनी की प्रमुख नृत्य प्रस्तुतियों में शामिल है, जो राधा-कृष्ण के आध्यात्मिक संबंध पर आधारित है। इसमें भारतीय शास्त्रीय नृत्य परंपराओं के माध्यम से धार्मिक और पौराणिक प्रसंगों को प्रस्तुत किया जाता है। हेमा मालिनी लंबे समय से ‘दुर्गा’, ‘मीरा’, ‘रामायण’, ‘सावित्री’ और ‘राधा कृष्ण’ जैसे विषयों पर डांस बैले प्रस्तुत करती रही हैं। हेमा मालिनी ने पांच वर्ष की उम्र से भरतनाट्यम का प्रशिक्षण लेना शुरू किया था। उनकी मां जया चक्रवर्ती ने उनके नृत्य करियर को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बाद में उन्होंने कुचिपुड़ी का भी प्रशिक्षण लिया। फिल्मी करियर में हेमा मालिनी ने 1968 में ‘सपनों का सौदागर’ से हिंदी सिनेमा में मुख्य अभिनेत्री के तौर पर शुरुआत की। इसके बाद ‘सीता और गीता’, ‘शोले’, ‘जॉनी मेरा नाम’, ‘ड्रीम गर्ल’, ‘मीरा’ और ‘बागबान’ जैसी फिल्मों के जरिए उन्होंने बॉलीवुड में खास पहचान बनाई। फिल्मी दुनिया की सफल अभिनेत्री बनने के बावजूद शास्त्रीय नृत्य उनके जीवन और कला का अभिन्न हिस्सा बना रहा।
