सिंगरौली। लगातार बारिश और तेज जलप्रवाह के कारण जियावन थाना क्षेत्र का खाखन पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके चलते बरगवां–देवसर होकर सीधी जाने वाला मार्ग प्रभावित हुआ है। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने इस मार्ग पर आवागमन नियंत्रित कर दिया है और लोगों से क्षतिग्रस्त पुल से गुजरने का प्रयास नहीं करने की अपील की है।
लगातार बारिश और तेज जलप्रवाह के चलते जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत खाखन पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। पुल को देखते हुए बरगवां–देवसर होकर सीधी जाने वाले मार्ग पर आवागमन नियंत्रित कर दिया गया है। पुलिस ने वाहन चालकों से क्षतिग्रस्त पुल से गुजरने का प्रयास नहीं करने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज के.एम. के निर्देशन में मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस द्वारा यातायात की लगातार निगरानी की जा रही है और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों से आवागमन की सलाह दी जा रही है। बस एवं अन्य वाहनों के लिए बैढ़न–बरगवां–बड़ोखर–गिधेर–खड़ौरा–धनहा तिराहा–चितरंगी तिराहा–सीधी मार्ग निर्धारित किया गया है। छोटे वाहनों के लिए बरगवां–झुरही–पुरानी देवसर–लोहरा–ढोंगा–जियावन डाड मार्ग, जबकि भारी वाहनों के लिए मोरवा/बरगवां–चितरंगी–कर्थुआ मार्ग से जाने की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे पुल के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं और जल्दबाजी में जान जोखिम में न डालें। संबंधित विभाग से सुरक्षा संबंधी पुष्टि और आवश्यक अनुमति मिलने के बाद ही पुल पर सामान्य आवागमन बहाल किया जाएगा।
