सिंगरौली। रीवा संभाग के कमिश्नर बी.एस. जामोद ने खुटार गेहूं उपार्जन केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण कर खरीदी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और परिवहनकर्ताओं को निर्देश दिए कि अगले दो दिनों के भीतर केंद्र से 90 प्रतिशत गेहूं का उठाव सुनिश्चित किया जाए।
जिले में गेहूं खरीदी व्यवस्थाओं को लेकर रीवा संभाग के कमिश्नर बी.एस. जामोद ने खुटार उपार्जन केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीदी व्यवस्था, भंडारण और गेहूं उठाव की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों और परिवहनकर्ताओं को निर्देशित किया कि अगले दो दिवस के भीतर केंद्र से 90 प्रतिशत गेहूं का उठाव अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उठाव प्रक्रिया में तेजी लाकर ही किसानों को बेहतर और सुगम सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है। बदलते मौसम और असामयिक बारिश की संभावना को देखते हुए कमिश्नर ने गेहूं की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपार्जित गेहूं को बारिश से बचाने के लिए पर्याप्त तिरपाल की व्यवस्था की जाए तथा जल निकासी के उचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसानों की उपज सुरक्षित रह सके। किसानों को तौल के लिए अधिक समय तक इंतजार न करना पड़े, इसके लिए कमिश्नर ने केंद्र पर तत्काल प्रभाव से 6 तौल मशीनें पूरी क्षमता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे कार्य में पारदर्शिता और गति दोनों आएंगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर गौरव बैनल, जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, उपायुक्त सहकारिता पी.के. मिश्रा एवं जिला आपूर्ति अधिकारी पी.सी. चंद्रवंशी उपस्थित रहे। कमिश्नर ने अधिकारियों को नियमित रूप से उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर उठाव एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि परिवहन में लापरवाही या मौसम के कारण गेहूं की गुणवत्ता प्रभावित होती है, तो संबंधितों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
