सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत सप्ताह में दो दिन व्यापक पौधरोपण कराने, लगाए गए पौधों की सुरक्षा के लिए फेंसिंग की व्यवस्था करने और अभियान में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निगम को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कार्यशाला आयोजित करने और सभी बल्क वेस्ट जनरेटर व औद्योगिक इकाइयों का पंजीयन कराने को कहा गया। बैठक में सभी एसडीएम और पटवारियों को निर्देश दिए गए कि पटवारी दिवस के दौरान अपने-अपने हल्कों की उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण कर सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन वितरण की गुणवत्ता और नियमितता की जांच करें तथा इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। कृषि विभाग को खाद एवं बीज की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखने, गुणवत्ता जांच कराने और गड़बड़ी मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त करने तथा आवश्यक होने पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी तैयार कराने के निर्देश दिए गए। सामाजिक न्याय विभाग को दिव्यांगजनों के स्वरोजगार आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई कर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा बरगवां स्थित दिव्यांग विद्यालय को पुनः संचालित करने की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया। पशुपालन विभाग को कृत्रिम गर्भाधान के लक्ष्य पूरे करने के लिए नए मैत्रियों का चयन एवं प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए गए।
