सिंगरौली। कन्या शिक्षा परिसर गड़ेरिया की छात्राओं से किया गया वादा आखिरकार पूरा हो गया। जिला कलेक्टर गौरव बैनल की पहल पर परिसर में बैडमिंटन, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और पिकलबॉल कोर्ट का निर्माण पूरा होने के बाद शनिवार को इनका लोकार्पण देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम एवं कलेक्टर ने संयुक्त रूप से किया। हिंडालको के सीएसआर सहयोग से तैयार हुई इन खेल सुविधाओं के साथ छात्राओं को खेल सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।
जिला प्रशासन ने कन्या शिक्षा परिसर गड़ेरिया की छात्राओं से किया गया वादा पूरा कर दिया है। छात्राओं की मांग पर परिसर में बैडमिंटन, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और पिकलबॉल कोर्ट का निर्माण पूरा होने के बाद इनका लोकार्पण देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम एवं कलेक्टर गौरव बैनल ने किया। हिंडालको के सहयोग से तैयार इन खेल सुविधाओं के साथ छात्राओं को आवश्यक खेल सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। कलेक्टर गौरव बैनल ने पूर्व निरीक्षण के दौरान छात्राओं से संवाद कर उनकी खेल सुविधाओं की मांग सुनी थी और शीघ्र निर्माण का भरोसा दिया था। प्रशासन की सतत मॉनिटरिंग और हिंडालको के सहयोग से रिकॉर्ड समय में सभी कोर्ट तैयार कर दिए गए। लोकार्पण अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण आधार है। नई खेल सुविधाओं से छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा और वे भविष्य में जिले व प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। परिसर में ही आधुनिक खेल सुविधाएं मिलने से छात्राओं ने खुशी जताते हुए जिला प्रशासन और हिंडालको का आभार व्यक्त किया।
