गोरखपुर। जिले के जंगल अयोध्या प्रसाद गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। एक युवक ने देर रात घर के बाहर सो रहे अपने पिता की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जिले के जंगल अयोध्या प्रसाद गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घर के बाहर सो रहे 55 वर्षीय ब्रह्मदेव कनौजिया की उनके ही 25 वर्षीय बेटे गोलू ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, ब्रह्मदेव भोजन करने के बाद घर के बाहर खाट पर सो रहे थे। रात करीब 2:30 बजे गोलू ने उन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। सिर और गर्दन पर 7 से 8 वार होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना रात करीब 3 बजे पुलिस को मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक, गोलू पिछले 7-8 वर्षों से मानसिक बीमारी से पीड़ित था। वहीं, एक असफल प्रेम प्रसंग और छह महीने पहले मां की मौत के बाद उसका व्यवहार और अधिक आक्रामक हो गया था। पुलिस क्षेत्राधिकारी रवि कुमार सिंह ने बताया कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मानसिक बीमारी, पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
