उन्नाव। जिले में मंगलवार तड़के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। दिल्ली से बिहार जा रही डबल डेकर एसी बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि बस रेलिंग पर अटक गई और कई यात्री खिड़कियों से बाहर जा गिरे।
जिले में मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। औरास थाना क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर दिल्ली से बिहार जा रही एक डबल डेकर एसी बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे में एक दरोगा समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी। सुबह करीब 5:15 बजे निभा खेड़ा गांव के पास चालक को झपकी आने से बस का नियंत्रण बिगड़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस पलटकर रेलिंग पर लटक गई और कई यात्री खिड़कियों से नीचे जा गिरे। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को औरास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल 21 यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। मृतकों में पुलिस विभाग में तैनात दरोगा रवि चरण राम, गोरखपुर निवासी सुरेश कुमार जायसवाल, विदेशी गुप्ता, बस्ती निवासी विजय कुमार सहित दो अज्ञात लोग शामिल हैं। हादसे में तीन पुलिसकर्मी भी घायल बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में चालक को नींद आने की वजह से हादसा होना सामने आया है। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का समुचित इलाज कराने, राहत कार्य तेज करने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।
