सागर। लोकायुक्त पुलिस ने दमोह जिले की ग्राम पंचायत तेजगढ़ के सचिव को प्रधानमंत्री आवास योजना में जियो टैगिंग और दूसरी किश्त जारी कराने के नाम पर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामले में एक चौकीदार को भी सह आरोपी बनाया गया है।
लोकायुक्त पुलिस ने दमोह जिले की ग्राम पंचायत तेजगढ़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना में रिश्वत लेते पंचायत सचिव को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक चौकीदार को भी सह आरोपी बनाया गया है। जानकारी के अनुसार ग्राम तेजगढ़ निवासी महेंद्र कोष्टी ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी उषा कोष्टी के नाम स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास योजना की जियो टैगिंग करने और दूसरी किश्त जारी कराने के एवज में ग्राम पंचायत सचिव द्वारा 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत की पुष्टि के लिए लोकायुक्त टीम ने पहले सत्यापन कराया, जिसमें आरोपी सचिव द्वारा आवेदक से 4 हजार रुपए पहले ही लेने की पुष्टि हुई। इसके बाद निरीक्षक मंजु किरण और निरीक्षक रंजीत सिंह के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। टीम ने आरोपी सचिव को 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। लोकायुक्त पुलिस ने बताया कि इस मामले में चौकीदार गुड्डा रैकवार को भी रिश्वत लेने में सहयोग करने के आरोप में सह आरोपी बनाया गया है। आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।
