नेशनल डेस्क। महाराष्ट्र के पुणे में लोहागढ़ किले पर हुई एक युवक की मौत का मामला अब देशभर में चर्चा का विषय बन गया है। शुरुआत में ट्रेकिंग के दौरान हुई दुर्घटना समझी जा रही यह घटना अब कथित हत्या की साजिश के रूप में सामने आ रही है। पुलिस जांच में मिले सबूतों ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार 18 जून को 26 वर्षीय केतन अग्रवाल अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान केतन करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद सिया ने पुलिस को बताया कि केतन फोटो खींचते समय फिसल गया था और तेज हवा के कारण हादसा हुआ। हालांकि जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने कहानी बदल दी। फुटेज में एक हुडी पहने युवक लगातार केतन और सिया के आसपास दिखाई दिया। उसकी पहचान बाद में चेतन चौधरी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, 33 डिग्री सेल्सियस तापमान में चेहरा ढंककर घूमना और जोड़े का पीछा करना कई सवाल खड़े करता है।
कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच में भी चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक चेतन और सिया पिछले एक साल से एक-दूसरे को जानते थे। 1 जनवरी से 18 जून के बीच दोनों के बीच 2004 फोन कॉल हुए और करीब 238 घंटे बातचीत दर्ज की गई। जांच में यह भी पता चला कि घटना वाले दिन चेतन अपना मोबाइल फोन एक दुकान पर छोड़ गया था और इंटरनेट सेवाएं बंद रखी थीं। पुलिस का दावा है कि सिया और चेतन के बीच प्रेम संबंध थे और दोनों ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। जांचकर्ताओं के अनुसार सिया शादी से पहले अपना रिश्ता बदलना चाहती थी और कई बार केतन को लोहागढ़ किले ले जाने का प्रयास किया था।
