कानपुर। जिले के नौबस्ता क्षेत्र में बाइक टकराने के मामूली विवाद ने दो परिवारों की जिंदगी उजाड़ दी। बीच सड़क पर दबंग युवकों ने पिता और बेटे पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
कानपुर नगर के नौबस्ता इलाके में देर रात मामूली बाइक टक्कर का विवाद खूनी वारदात में बदल गया। दबंग युवकों ने बीच सड़क पर पिता और बेटे को चाकुओं से गोद डाला, जिससे दोनों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक सनिगंवा निवासी शिव नारायण त्रिवेदी अपने बेटों शिवम और सत्यम के साथ देर रात काम से घर लौट रहे थे। नौबस्ता बाईपास के पास उनकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई। मामूली कहासुनी के बाद दूसरी बाइक पर सवार तीन युवक आक्रामक हो गए और हेलमेट से हमला शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर एक युवक ने शिवम की पीठ में चाकू घोंप दिया। बेटे को बचाने पहुंचे पिता शिव नारायण पर भी हमलावरों ने बेरहमी से हमला कर दिया और उनके पेट में चाकू मार दिया। इसके बाद हमलावरों ने पेशेवर अंदाज में ताबड़तोड़ वार कर पिता-पुत्र को लहूलुहान कर दिया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दो आरोपी बाइक से फरार हो गए। गंभीर हालत में तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिव नारायण और शिवम को मृत घोषित कर दिया। सत्यम की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी की पहचान शिवा वर्मा के रूप में हुई है, जबकि मुख्य आरोपी करन वर्मा और उत्सव अवस्थी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
