मेरठ। जिले में सात माह के एक मासूम की मौत का मामला सनसनीखेज हत्या में बदल गया है। मुंडाली थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में पुलिस ने बच्चे की मां को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान महिला ने कथित तौर पर अपने बेटे की हत्या करने की बात स्वीकार की है।
जिले के मुंडाली थाना क्षेत्र में सात माह के मासूम बच्चे की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने बच्चे की मां को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में महिला ने अपने बेटे की हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, मुरलीपुर गांव निवासी अमित ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि उसकी पत्नी मीनाक्षी के व्यवहार को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। 30 मई को अमित की गैरमौजूदगी में उनके सात माह के बेटे रुद्रांश की मौत हो गई थी। उस समय परिजनों को बताया गया कि बच्चा बीमार था और बीमारी के कारण उसकी मौत हुई है, जिसके बाद उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया था। मामले ने तब नया मोड़ लिया जब अमित को पत्नी के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल में एक युवक से लगातार बातचीत की जानकारी मिली। इसको लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ा। इसी दौरान मीनाक्षी ने कथित रूप से बच्चे की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। आरोप है कि महिला ने घर में अकेले होने के दौरान मासूम का गला दबा दिया और बाद में बीमारी से मौत होने की कहानी बनाकर परिजनों एवं ग्रामीणों को गुमराह किया। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने बताया कि 8 जून को मिली शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। पूछताछ के दौरान महिला ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने घरेलू कलह और पति का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी गहन पड़ताल कर रही है। मासूम की मौत की इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
