बस्ती। जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के बनकटी बाजार से पुलिस की संवेदनहीनता का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां तैनात एक दारोगा पर मानसिक रूप से अस्वस्थ नाबालिग के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जिला के लालगंज थाना क्षेत्र स्थित बनकटी बाजार में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। एक दारोगा पर मानसिक रूप से अस्वस्थ नाबालिग के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जानकारी के मुताबिक नाबालिग विकास कुमार अपने पिता के जूस ठेले पर बैठा था। इसी दौरान पहुंचे एसआई शैलेंद्र सिंह ने अपनी बाइक पर थूक मिलने के शक में बच्चे से पूछताछ की। आरोप है कि जवाब से संतुष्ट न होने पर दारोगा ने बच्चे के साथ गाली-गलौज की और मारपीट कर दी। साथ ही उससे जबरन बाइक साफ करवाई गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी फैल गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी यशवीर सिंह ने आरोपी एसआई को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया है।
