बदायूं। जिले के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के एक गांव में मेंथा टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। टैंक में जमा जहरीली गैस की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरे भाई की हालत गंभीर बनी हुई है।
जिले के एक गांव में शुक्रवार सुबह मेंथा टैंक की सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। टैंक में जमा जहरीली गैस की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरे भाई की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना से गांव में शोक की लहर फैल गई। जानकारी के अनुसार, फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान बट्टू सिंह अपने तीन बेटों जयवीर (24), राजेश (21) और मनवीर के साथ खेत में बने मेंथा टैंक की सफाई करने पहुंचे थे। सबसे पहले जयवीर टैंक में उतरा, लेकिन बाहर नहीं निकला। उसे बचाने के लिए राजेश और फिर मनवीर भी टैंक में उतर गए। जहरीली गैस के प्रभाव से तीनों भाई टैंक के अंदर ही बेहोश हो गए। पिता के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल चंदौसी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जयवीर और राजेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से बीमार मनवीर को मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हृदयेश कुमार कठेरिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया टैंक में जमा जहरीली गैस के कारण हादसा होने की आशंका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
