राजगढ़। जिले में एक महिला वकील की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी प्रेमी ने पहले युवती का गला दबाया, फिर पत्थर से चेहरा कुचल दिया और आखिर में चाकू से गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया।
जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक महिला वकील की उसके प्रेमी ने बेहद बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले गला दबाया, फिर पत्थर से चेहरा कुचल दिया और आखिर में चाकू से गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान आराधना सिदार के रूप में हुई है, जो जिला कोर्ट में प्रैक्टिस करती थीं और जिला अधिवक्ता संघ की सदस्य थीं। आरोपी लोकनाथ पटेल शादीशुदा मजदूर है। दोनों के बीच पिछले करीब दो साल से प्रेम संबंध थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आराधना आरोपी पर शादी का दबाव बना रही थीं, जबकि लोकनाथ पहले से विवाहित था। इसी बात से परेशान होकर उसने हत्या की साजिश रची। आरोपी ने पहले से चाकू खरीदा और पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। बताया गया कि दोनों 10 मई को घूमने निकले थे और एक लॉज में पति-पत्नी बनकर रुके। अगले दिन आरोपी युवती को तुमीडीह डैम के जंगल में ले गया, जहां उसने पीछे से गला दबाकर हमला किया। इसके बाद पत्थर से सिर और चेहरे पर कई वार किए और फिर चाकू से गला काट दिया। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी ने सबूत भटकाने के लिए युवती के कपड़े उतारकर शव जंगल में छोड़ दिया। 12 मई को जंगल में युवती का अर्धनग्न शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मोबाइल कॉल डिटेल, होटल रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को 16 मई को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
