एंटरटेनमेंट डेस्क। ओटीटी की सबसे लोकप्रिय क्राइम-थ्रिलर फ्रेंचाइजी ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। मेकर्स ने बहुप्रतीक्षित ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का टीज़र जारी कर दिया है, जिसने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है। फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मेकर्स के मुताबिक फिल्म में ‘मिर्जापुर’ की उसी सत्ता, बदले और अपराध की दुनिया को बड़े स्तर पर दिखाया जाएगा, जिसे दर्शकों ने वेब सीरीज में खूब पसंद किया था।
लोकप्रिय वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ के फैंस का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। लंबे समय से चर्चा में रही ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का टीज़र रिलीज कर दिया गया है, जिसने सोशल मीडिया पर आते ही तहलका मचा दिया। पहली बार मिर्जापुर की खूनी सियासत, गैंगवार और सत्ता की जंग ओटीटी से निकलकर सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। निर्माताओं ने घोषणा की है कि यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की कहानी मूल ‘मिर्जापुर’ यूनिवर्स से जुड़ी होगी, लेकिन दर्शकों को इसमें कई नए ट्विस्ट और एक अलग अध्याय देखने को मिलेगा। टीज़र में एक बार फिर कालीन भैया के रूप में पंकज त्रिपाठी, गुड्डू पंडित के किरदार में अली फज़ल और मुन्ना भैया के रोल में दिव्येंदु नजर आए हैं। वहीं सबसे बड़ा सरप्राइज जितेंद्र कुमार की एंट्री है, जो ‘बबलू पंडित’ के रूप में वापसी करते दिखाई दे रहे हैं। अभिनेता रवि किशन भी फिल्म में अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। फिल्म की स्टारकास्ट में अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, श्वेता त्रिपाठी, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, शीबा चड्ढा, मोहित मलिक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर और सोनल एस. चौहान समेत कई चर्चित कलाकार शामिल हैं। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज प्रस्तुत कर रहे हैं। निर्माता रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर हैं। टीज़र रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की जबरदस्त प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कालीन भैया और गुड्डू पंडित की वापसी ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। अब सबकी निगाहें 4 सितंबर 2026 पर टिकी हैं, जब मिर्जापुर की दुनिया पहली बार बड़े पर्दे पर अपना दम दिखाएगी।
