बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अपनी मां के साथ मंदिर में जल चढ़ाने पहुंचे सात वर्षीय राकेश सरयू नदी के तेज बहाव में बह गया। बताया गया कि मां नदी से जल भर रही थी, तभी मासूम पानी में उतर गया और तेज धारा उसे अपने साथ बहा ले गई।
बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अपनी मां के साथ शिवालय में जल चढ़ाने पहुंचे सात वर्षीय राकेश सरयू नदी के तेज बहाव में बह गया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, राकेश अपनी मां कमला देवी के साथ मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आया था। मां नदी से जल भर रही थी, तभी मासूम भी नदी में उतर गया। अचानक तेज बहाव की चपेट में आने से वह बह गया। मौके पर मौजूद एक युवक ने बच्चे को बचाने के लिए नदी में छलांग लगाई, लेकिन उसे सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, राजस्व और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। देर शाम तक चले संयुक्त तलाशी अभियान के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। प्रशासन ने बताया कि सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार मूल रूप से कपकोट के लाहुर गांव का निवासी है और वर्तमान में कपकोट में रह रहा है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
