मध्य प्रदेश। एमपी पुलिस विभाग से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और लूट के मामलों ने हड़कंप मचा दिया है। गुना, सिवनी और इंदौर में सामने आए अलग-अलग प्रकरणों में पुलिसकर्मियों पर हवाला की रकम और सोने की लूट सहित गंभीर आरोप लगे हैं। जांच के बाद कई पुलिसकर्मियों को निलंबित, बर्खास्त और गिरफ्तार किया गया है, वहीं कुछ मामलों में वरिष्ठ अधिकारियों पर भी कार्रवाई हुई है।
गुना जिले में एक गुजरात के कारोबारी से जुड़ी कार से कथित तौर पर 4 करोड़ रुपये की नकदी बरामद होने का मामला सामने आया था। प्रारंभिक जानकारी में केवल 1 करोड़ रुपये की बरामदगी बताई गई थी, लेकिन जांच में पूरी राशि का खुलासा हुआ।
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने इस रकम में से करीब 2 करोड़ रुपये अपने पास रख लिए और शेष राशि को लौटाने की डील की। जांच पूरी होने के बाद 4 पुलिसकर्मियों को चार्जशीट जारी की गई है, जिनमें एक एएसआई और चौकी प्रभारी शामिल हैं। वहीं, मामले में एसपी स्तर पर भी कार्रवाई करते हुए तबादला/हटाने की कार्रवाई की गई है।
सिवनी मामला: 2.96 करोड़ की कथित लूट-
सिवनी जिले में पुलिस पर 2.96 करोड़ रुपये की हवाला राशि लूटने के गंभीर आरोप लगे हैं। इस मामले में SDOP सहित 11 पुलिसकर्मियों पर FIR दर्ज कर उन्हें निलंबित किया गया है। SIT जांच के बाद अब तक 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें कई पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
इंदौर मामला: व्यापारी के घर से सोना लूटने का आरोप- इंदौर में 1 अप्रैल 2024 की रात एक व्यापारी के घर में घुसकर पुलिसकर्मियों द्वारा 20 तोला सोना (करीब 36 लाख रुपये) लूटने का आरोप सामने आया है। इस मामले में एक सब-इंस्पेक्टर सहित 5 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और जांच जारी है।
