आगरा। जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मृत घोषित की गई 65 वर्षीय महिला में करीब 17 घंटे बाद जीवन के संकेत दिखाई देने लगे। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया, जबकि महिला का इलाज फिलहाल आगरा के एक निजी अस्पताल में जारी है।
आगरा में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। बरेली के एक निजी अस्पताल में मृत घोषित की गई 65 वर्षीय महिला अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच अचानक जिंदा हो गई। घटना ने परिजनों के साथ-साथ डॉक्टरों को भी हैरानी में डाल दिया। जानकारी के अनुसार, ट्रांस यमुना क्षेत्र की श्रीनगर कॉलोनी निवासी शीला देवी लिवर और सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित थीं। गंभीर हालत में उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल ने बुधवार तड़के उन्हें मृत घोषित कर शव सौंप दिया। शव को आगरा स्थित घर लाया गया, जहां अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान महिला के शरीर में हरकत हुई। दामाद के पैर छूते ही महिला ने उनका हाथ पकड़ लिया और खुद को जिंदा बताया। यह देखकर घर में मौजूद सभी लोग स्तब्ध रह गए। परिजन महिला को तत्काल आगरा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना के बाद मृत घोषित करने वाले अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले को लेकर अस्पताल की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
