राजनांदगांव। सोमनी थाना में नाबालिग बालिका से कथित अभद्र व्यवहार और गंभीर लापरवाही के मामले में पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना प्रभारी अरुण नामदेव और महिला हेड कांस्टेबल राजश्री सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जिले के सोमनी थाना में नाबालिग बालिका के साथ कथित अभद्र व्यवहार और पुलिस कार्यप्रणाली में लापरवाही का मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी (टीआई) अरुण नामदेव और महिला हेड कांस्टेबल राजश्री सिंह को निलंबित कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक मामले की जांच के दौरान पुलिसकर्मियों ने कथित रूप से गलत मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर नाबालिग बालिका को गर्भवती बता दिया। इसके बाद बालिका और उसके परिजनों को पूरी रात थाने में बैठाकर रखा गया। आरोप है कि इस दौरान ड्यूटी पर तैनात महिला हेड कांस्टेबल ने नाबालिग के साथ अभद्र व्यवहार भी किया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक स्वयं सोमनी थाना पहुंचीं और पूरे मामले की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में गंभीर लापरवाही और अनुचित व्यवहार सामने आने पर दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। एसपी कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार दोनों को पुलिस लाइन अटैच किया गया है तथा निलंबन अवधि के दौरान बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर प्रतिबंध लगाया गया है। मामले की विभागीय जांच जारी है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही और आमजन के साथ दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
