बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के मंडावर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सीमला खुर्द गांव की नई बस्ती में नाश्ता बनाने को लेकर शुरू हुआ घरेलू विवाद खूनी वारदात में बदल गया। आरोप है कि गुस्से में आए पति ने अपनी 8 महीने की गर्भवती पत्नी का मुंह और गला दबाकर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार 19 जून की सुबह पति-पत्नी के बीच नाश्ते को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने अपनी गर्भवती पत्नी पर हमला कर दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके गर्भ में पल रहे अजन्मे बच्चे की भी जान चली गई। घटना के बाद आरोपी और उसके परिजनों ने मामले को सामान्य मौत या बीमारी बताकर छिपाने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। देर रात आई रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की मौत दम घुटने और सांस रुकने से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आते ही पुलिस ने मामले को हत्या में दर्ज कर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश है और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की जा रही है।
