सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नौकरी बहाली की मांग को लेकर एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने चेतावनी दी कि यदि उसकी मांग नहीं मानी गई तो वह जान दे देगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया।
जिले के सरई थाना क्षेत्र में सोमवार को एक युवक की नौकरी बहाली की मांग ने उस समय नाटकीय मोड़ ले लिया, जब वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने नौकरी वापस नहीं मिलने पर जान देने की चेतावनी दी, जिससे प्रशासन और पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक पहले एक निजी कंपनी में पीसी वाहन चालक के रूप में कार्य करता था। शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में कंपनी ने उसे सेवा से हटा दिया था। नौकरी वापस पाने की मांग को लेकर वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। घटना की खबर मिलते ही सरई थाना पुलिस, राजस्व विभाग के अधिकारी और कंपनी प्रबंधन के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। टावर के नीचे घंटों तक समझाइश का दौर चलता रहा। अधिकारियों ने युवक को भरोसा दिलाया कि उसकी बात संबंधित पक्षों तक पहुंचाई जाएगी। करीब कई घंटे चले इस हाई-वोल्टेज घटनाक्रम के बाद युवक प्रशासन की समझाइश पर राजी हो गया और सुरक्षित नीचे उतर आया। युवक के नीचे आते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर मौके पर जुटे रहे। प्रशासन की तत्परता और सूझबूझ से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। घटना क्षेत्र में दिनभर चर्चा का विषय बनी रही।
