हमीरपुर। जिले के मौदहा थाना क्षेत्र के खंडेह गांव में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के तालाब में नहाने गए तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जिले के मौदहा थाना क्षेत्र के खंडेह गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। तालाब में नहाने गए तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों की चीख-पुकार सुन गांववालों की रूह कांप उठी। जानकारी के मुताबिक खंडेह गांव निवासी प्रबल यादव (10), आदित्य कुशवाहा (9) और भोला कुशवाहा (10) सुबह करीब साढ़े दस बजे गांव स्थित रामजानकी मंदिर के तालाब में नहाने पहुंचे थे। नहाते समय अचानक तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। तालाब के पास मौजूद ग्रामीणों ने बच्चों को बचाने की कोशिश की और तुरंत उन्हें पानी से बाहर निकालकर मौदहा सीएचसी पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। एक साथ तीन बच्चों की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
