नेशनल डेस्क। केरल के चेरथला में राष्ट्रीय राजमार्ग-66 (NH-66) पर मंगलवार को निर्माणाधीन ओवरब्रिज का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे के दौरान कंक्रीट का मलबा सड़क पर गिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
केरल के चेरथला में राष्ट्रीय राजमार्ग-66 (NH-66) पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां निर्माणाधीन ओवरब्रिज का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया और कंक्रीट का मलबा नीचे सड़क पर आ गिरा। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। हादसे के समय पुल पर निर्माण कार्य चल रहा था। पुल का हिस्सा गिरते ही मौके पर मौजूद मजदूरों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस ने क्षेत्र को घेर लिया और कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया। यह ओवरब्रिज एनएच-66 के चौड़ीकरण परियोजना का हिस्सा है। घटना के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और निर्माण कंपनी के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हादसा संरचनात्मक खामी, निर्माण में लापरवाही या सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के कारण हुआ।
