बलरामपुर। ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में डायल-112 के सरकारी वाहन को दुर्घटनाग्रस्त करने के मामले में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने आरक्षक संजय मारकण्डे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। विभागीय जांच में गंभीर लापरवाही, अनुशासनहीनता और कदाचरण के आरोप प्रमाणित पाए जाने के बाद आरक्षक को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में डायल-112 के सरकारी वाहन को दुर्घटनाग्रस्त करने के मामले में पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने आरक्षक संजय मारकण्डे को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया है। विभागीय जांच में आरक्षक के खिलाफ गंभीर लापरवाही, अनुशासनहीनता और कदाचरण के आरोप प्रमाणित पाए गए। घटना 7 जुलाई 2026 की रात की है। वाड्रफनगर चौकी, थाना बसंतपुर क्षेत्र में संचालित डायल-112 वाहन क्रमांक सीजी-03-ए-2749 में आरक्षक संजय मारकण्डे और चालक ओमप्रकाश यादव की ड्यूटी लगाई गई थी। रात करीब 11.40 बजे इवेंट की सूचना मिलने पर दोनों ग्राम सिवरी बरतीकला की ओर रवाना हुए। इसी दौरान वाड्रफनगर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर न्यू पंचवटी ढाबा के पास डायल-112 वाहन सामने से आ रही पिकअप क्रमांक पी-64-सीटी-1055 से टकरा गया। टक्कर में सरकारी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मामले की विभागीय जांच शुरू की गई। जांच के दौरान आरक्षक के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की पुष्टि हुई। विभागीय जांच में ड्यूटी के दौरान गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करते हुए आरक्षक संजय मारकण्डे को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया। विभाग की इस कार्रवाई को ड्यूटी के दौरान अनुशासन और जिम्मेदारी के प्रति सख्ती से जोड़कर देखा जा रहा है।
