प्रयागराज। जिले के करेली क्षेत्र में युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जांच में सामने आया कि नशे के दौरान हुए विवाद में युवक की उसके ही दोस्तों ने ईंट से हमला कर हत्या कर दी थी।
जिले के करेली थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में मृतक के ही दो दोस्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। घटना 15 अप्रैल की है, जब ऐनुद्दीनपुर गांव के पास एक अज्ञात शव मिला था। अगले दिन मृतक की पहचान दिलशाद अहमद उर्फ उमेश अहमद (35) के रूप में हुई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन दिलशाद अपने दोस्तों मनोज और कन्हई भारतीया के साथ था। तीनों ने नशा किया हुआ था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया। गुस्से में आकर मनोज ने ईंट से हमला कर दिया, जिससे दिलशाद की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने शव को गड्ढे में छिपाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने सोमवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंटें भी बरामद की गईं।
