ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर में शराब पार्टी के दौरान पैर दबाने से इनकार करना एक दलित युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि तीन लोगों ने 33 वर्षीय राजकुमार उर्फ छन्नू की बेल्ट और लोहे की रॉड से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी।
जिले में एक दलित युवक की कथित तौर पर बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब पार्टी के दौरान पैर दबाने से इनकार करने पर तीन लोगों ने युवक पर बेल्ट और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान राजकुमार उर्फ छन्नू (33) के रूप में हुई है, जो अनुसूचित जाति समुदाय से संबंध रखता था। पुलिस के अनुसार, शनिवार रात वह सिविल लाइंस क्षेत्र में आयोजित एक शराब पार्टी में शामिल हुआ था। पार्टी में मौजूद तीन लोगों ने उससे पैर दबाने को कहा, लेकिन मना करने पर उसकी जमकर पिटाई कर दी। जांच में सामने आया कि हमले के बाद आरोपियों ने घटना को सड़क हादसा दिखाने के लिए शव को सड़क किनारे फेंक दिया। रविवार सुबह युवक अचेत अवस्था में मिला, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों सम्यक राजनायक उर्फ राही जैन, गजेंद्र नरवरिया और गौरव रैकवार को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
