सीतापुर। जिले के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के क्योताना गांव में शनिवार सुबह युवक और युवती के शव पेड़ से लटके मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय प्रियवंश और 19 वर्षीय रजनी के रूप में हुई है।
जिले के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के क्योताना गांव में शनिवार सुबह एक युवक और युवती के शव पेड़ से लटके मिलने से हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय प्रियवंश और 19 वर्षीय रजनी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों शनिवार तड़के अपने-अपने घरों से निकले थे। कुछ समय बाद गांव के बाहरी इलाके में एक पेड़ से उनके शव लटके हुए मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि हाल ही में युवती के परिजनों को इस संबंध की जानकारी हुई थी, जिसके बाद उसकी शादी कहीं और तय कर दी गई थी। वहीं, युवक के पिता ने बताया कि युवती के परिजन दो दिन पहले उनके घर आए थे और उन्होंने बेटे को इस संबंध को लेकर समझाया भी था। हालांकि, युवती के रिश्तेदारों ने प्रेम संबंध की बात से इनकार किया है। मामले में अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह ने बताया कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
