सिंगरौली। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरई में रक्षाबंधन के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर अनूठा कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्राओं ने विद्यालय परिसर में पेड़ों को तिलक लगाकर राखी बांधी और उनकी रक्षा का संकल्प लिया।
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरई में पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्राओं ने पेड़ों को तिलक लगाकर रक्षासूत्र बांधा और वृक्षों की रक्षा का संकल्प लिया। छात्राओं ने कहा कि जिस तरह रक्षाबंधन पर भाई-बहन एक-दूसरे की रक्षा का संकल्प लेते हैं, उसी तरह पेड़-पौधों की सुरक्षा भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने वृक्षों को जीवन का सच्चा सहचर बताते हुए प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों के बीच मिठाई का वितरण किया गया। विद्यालय के रेडक्रॉस प्रभारी माखन लाल प्रजापति ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। वृक्ष धरती के प्राण हैं और इनके संरक्षण से ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण मिल सकेगा। कार्यक्रम से छात्राओं में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिला।
