नेशनल डेस्क। नोएडा के ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र स्थित इलेक्ट्रॉनिक चिप निर्माण इकाई में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग बुझाने के दौरान फैक्ट्री की दीवार और लोहे का बीम अचानक ढह जाने से पांच दमकलकर्मी मलबे में दब गए।
ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक चिप निर्माण फैक्ट्री में सोमवार देर रात लगी भीषण आग बुझाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। आग पर काबू पाने के प्रयास के बीच फैक्ट्री की दीवार और लोहे का बीम अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से पांच दमकलकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दमकलकर्मी रोहित यादव और तीरथपाल सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार का अस्पताल में इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत खतरे से बाहर है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
