सिंगरौली। देवसर जनपद की ग्राम पंचायत कठदहा में 15वें वित्त आयोग से निर्मित चेकडैम के पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त होने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर हुई जांच में निर्माण कार्य में गंभीर तकनीकी खामियां और वित्तीय अनियमितताएं सामने आने के बाद पंचायत सचिव बिहारीलाल साकेत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
जिले के ग्राम पंचायत कठदहा में पहली ही बारिश में ध्वस्त हुए चेकडैम निर्माण मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर तकनीकी जांच में निर्माण कार्य में गंभीर गुणवत्ता संबंधी खामियां और वित्तीय अनियमितताएं सामने आने के बाद पंचायत सचिव बिहारीलाल साकेत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले में उपयंत्री सतीष पटेल को संविदा सेवा से पृथक किए जाने संबंधी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, जबकि सरपंच दिलशरण सिंह के खिलाफ मध्य प्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम की धारा 40 के तहत पद से हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जांच में पाया गया कि चेकडैम की नींव मानकों के अनुरूप नहीं थी, निर्माण में आवश्यक तकनीकी प्रावधानों का पालन नहीं किया गया और बिना मूल्यांकन के राशि आहरित कर ली गई। सभी संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को 13 जुलाई तक साक्ष्यों सहित उपस्थित होकर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।
