नेशनल डेस्क। झारखंड के धनबाद में सरकारी नौकरी पाने की लालच में एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी बेटे विजय चौहान और दो सुपारी किलर अमित सिंह व अखिलेश मल्लाह को गिरफ्तार कर लिया है।
झारखंड के धनबाद जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने सरकारी नौकरी पाने की लालच में अपने ही पिता की हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए मृतक के बेटे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एस. मोहम्मद याकूब ने बताया कि मृतक तुलेश्वर नोनिया भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) की बरोरा कोयला खदान में कार्यरत थे। उनकी सेवा के अभी करीब दो वर्ष शेष थे। पुलिस जांच में सामने आया कि उनका बेटा विजय चौहान पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति के तहत स्थायी नौकरी पाना चाहता था। इसी लालच में उसने अपने दो साथियों अमित सिंह और अखिलेश मल्लाह के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, विजय चौहान ने दोनों आरोपियों को हत्या के बदले 10 लाख रुपये देने का वादा किया था। शक से बचने के लिए उसने खुद को घटना के समय बिहार के औरंगाबाद में एक रिश्तेदार की शादी में जाने का बहाना बनाया और घर से निकल गया। योजना के तहत 19 जून की रात ड्यूटी समाप्त होने के बाद अमित सिंह और अखिलेश मल्लाह ने तुलेश्वर नोनिया को मोटरसाइकिल पर बैठाया और सुनसान स्थान पर ले जाकर बड़े पत्थर से हमला कर उनकी हत्या कर दी। पहचान छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने मृतक का चेहरा भी बुरी तरह कुचल दिया और वारदात को सड़क हादसा दिखाने के लिए शव को मुख्य सड़क पर फेंक दिया। मामले की जांच के दौरान BCCL परिसर के CCTV फुटेज में मृतक दोनों आरोपियों के साथ मोटरसाइकिल पर जाते हुए दिखाई दिए। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें पूरी साजिश का खुलासा हो गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। साथ ही बताया कि आरोपी अखिलेश मल्लाह का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह कोयला एवं डीजल चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे अनुकंपा नियुक्ति के तहत सरकारी नौकरी हासिल करने की मंशा प्रमुख कारण रही। मामले में आगे की जांच जारी है।
