बॉलीवुड। बॉलीवुड अभिनेत्री Ameesha Patel एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने सोशल मीडिया पर युवा अभिनेत्रियों और उनके पीआर गेम्स पर तीखा तंज कसा है।
अभिनेत्री का कहना है कि कुछ एक्ट्रेसेस बिना बड़ी हिट दिए खुद को नंबर-1 और सुपरस्टार कहलवाने में लगी हैं। अमीषा ने अपने X अकाउंट पर लंबा पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि आज के दौर में 100 करोड़ क्लब कोई बड़ी बात नहीं रह गई है, लेकिन कई अभिनेत्रियां ऐसी हैं जिन्होंने अब तक 200 करोड़ की एक भी फिल्म नहीं दी, फिर भी अपनी पीआर टीम के जरिए खुद को टॉप स्टार साबित करने में जुटी हैं। उन्होंने लिखा, “अपने आपको सुपरस्टार तभी कहो जब आपके काम ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचा हो। पीआर गेम्स से सुपरस्टार बनने की कोशिश बंद करो… यही कड़वी सच्चाई है।” इसके साथ ही अमीषा ने अपनी फिल्मों का जिक्र करते हुए कहा कि Kaho Naa… Pyaar Hai, Gadar: Ek Prem Katha और Gadar 2 जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बनाए हैं। उन्होंने दावा किया कि ये फिल्में उनके को-स्टार्स के करियर की भी सबसे बड़ी हिट रही हैं। दरअसल, अमीषा का यह बयान उस समय आया जब हाल ही में न्यूयॉर्क से मुंबई लौटते वक्त उनकी फ्लाइट को मिसाइल हमलों के कारण दुबई की बजाय ओमान के मस्कट की ओर डायवर्ट करना पड़ा। अभिनेत्री ने यात्रा के दौरान हुई परेशानी का जिक्र करते हुए युद्ध जैसे हालात पर चिंता भी जताई थी। अब अमीषा के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है कि आखिर उनका इशारा किस अभिनेत्री की तरफ था।
