प्रतापगढ़। जिले मे एक प्रेम प्रसंग उस वक्त हाईवोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब एक युवती अपने प्रेमी की रिहाई की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना बालिपुर इलाके में चारू नर्सिंग होम के पास की है, जहां युवती को टावर पर चढ़ा देख लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जिले में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती जेल में बंद अपने प्रेमी की रिहाई की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना बालिपुर इलाके में चारू नर्सिंग होम के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, महेशगंज क्षेत्र की रहने वाली और पेशे से सफाई कर्मी युवती ने आरोप लगाया कि उसका प्रेमी अंकित गौतम शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाता रहा। युवती के गर्भवती होने के बाद उसने शादी की बात कही, लेकिन आरोप है कि अंकित ने उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया। इस मामले में युवती ने कुंडा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने 24 अप्रैल को आरोपी अंकित गौतम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बुधवार को युवती अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई और अपने प्रेमी की रिहाई की मांग करने लगी। टावर पर युवती को देख इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सहायक पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रशांत राज हुड्डा ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक समझाइश दी, जिसके बाद कई घंटे की मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
