इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में प्रेम प्रसंग के चलते एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी और वारदात को हादसा दिखाने के लिए शव को मकान की दूसरी मंजिल से आंगन में फेंक दिया।
जिले में प्रेम प्रसंग के चलते पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। हत्या को दुर्घटना का रूप देने के लिए आरोपियों ने शव को मकान की दूसरी मंजिल से आंगन में फेंक दिया, ताकि मामला पैर फिसलने से गिरकर मौत होने का लगे। पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तोड़ा गांव निवासी आनंद उर्फ महबूब (35) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसके पिता की शिकायत पर पत्नी आशिकी देवी (32) और उसके कथित प्रेमी शिवम (22) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। जांच में सामने आया कि शादी के 14 साल बाद महिला का पड़ोसी युवक से प्रेम संबंध हो गया था, जिससे पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाली रात बच्चों को दादा-दादी के घर भेजने के बाद महिला ने पति को पेय में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दीं। पति के बेहोश होने पर प्रेमी को बुलाया गया और दोनों ने गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त गमछा, मृतक की सोने की अंगूठी, एक कीपैड फोन, एक एंड्रॉयड फोन समेत अन्य साक्ष्य बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
