बांदा। जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मानव तस्करी का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ में मजदूरी के दौरान प्रेम संबंध में आई महिला को आरोपी युवक अपने गांव ले आया। पत्नी के विरोध के बाद आरोपी ने कथित तौर पर बिचौलिए की मदद से महिला को 20 हजार रुपये में बेच दिया। रकम पूरी न मिलने पर उसे दोबारा दूसरे व्यक्ति के हाथों बेच दिया गया।
जिले में मानव तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ में मजदूरी के दौरान प्रेम संबंध में आई महिला को युवक अपने गांव ले आया। पत्नी के विरोध के बाद आरोपी ने कथित तौर पर बिचौलिए की मदद से महिला को 20 हजार रुपये में बेच दिया। पूरी रकम नहीं मिलने पर महिला को दोबारा दूसरे व्यक्ति के हाथों बेचने का आरोप है। मामले की सूचना डायल 112 पर मिलते ही बदौसा थाना पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने संयुक्त कार्रवाई कर महिला को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया। पुलिस ने मुख्य आरोपी विनय, बिचौलिए उदित और महिला को खरीदने वाले रामभवन व गरीबदास को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और न्यायालय में बयान दर्ज कराने के बाद उसे सुरक्षा के लिए वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
