प्रतापगढ़। जिले में एक शिक्षामित्र द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के बहलोलपुर गांव में 35 वर्षीय शिक्षामित्र ने कथित तौर पर अपने घर में पिस्तौल से खुद को गोली मार ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जिले से दुखद खबर सामने आई है। यहां एक 35 वर्षीय शिक्षामित्र ने कथित तौर पर अपने घर में पिस्तौल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में मातम छा गया। जानकारी के अनुसार, देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के बहलोलपुर गांव निवासी योगेन्द्र सरोज इलाके के एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर तैनात थे। सोमवार शाम वह स्कूल से घर लौटे थे। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद उन्होंने अपने कमरे में खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो योगेन्द्र गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। आनन-फानन में उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रशांत राज हुद्दार ने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर दो डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। परिजनों के मुताबिक योगेन्द्र पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव में थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
