प्रयागराज। जिले में सावन सोमवार से पहले रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई। सरायइनायत थाना क्षेत्र के प्रयागराज-वाराणसी राजमार्ग पर सरपतीपुर के पास एक बाइक सड़क किनारे खड़े पानी के टैंकर/कंटेनर से जा टकराई। बाइक पर तीनों कांवड़िये सवार थे और बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने वाराणसी जा रहे थे।
सावन सोमवार से पहले रविवार देर रात प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसे में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई। सरायइनायत थाना क्षेत्र के सरपतीपुर के पास तीनों कांवड़िये एक ही बाइक से वाराणसी में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने जा रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश और सड़क पर फिसलन के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पानी के टैंकर/कंटेनर से टकरा गई। हादसे में एक कांवड़िये की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य को पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान थरवई निवासी शिव प्रकाश और लल्लू तथा फाफामऊ निवासी अशोक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सही वजह पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसरा है।
