झारखंड। सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र स्थित रेयारदा गांव में रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र के रेयारदा गांव में रविवार दोपहर घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान मांगरो देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और लोगों में आक्रोश देखने को मिला। पुलिस के अनुसार, आरोपी पति श्रवण सरदार ने पत्नी के रहते ही दूसरी शादी कर ली थी, जिससे घर में अक्सर विवाद होता था। रविवार को भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर आरोपी ने डंडे से पत्नी पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल डंडा बरामद कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
