शिवपुरी। जिले के करैरा थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। टीला रोड पर शनिवार रात 23 वर्षीय नंदिनी साहू का शव उसके ही घर के कमरे में बिस्तर पर मिला। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जिले के करैरा थाना क्षेत्र के टीला रोड पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 23 वर्षीय महिला की उसके ही पति ने हत्या कर दी। शनिवार रात महिला का शव घर के कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान नंदिनी साहू के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब पांच वर्ष पूर्व संदीप साहू से हुई थी। दंपति का एक चार साल का बेटा भी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी पति सहित देवर और देवरानी को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। संदीप को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसके चलते अक्सर झगड़े होते थे। दो दिन पहले भी विवाद के दौरान उसने नंदिनी का मोबाइल तोड़ दिया था। शनिवार रात एक बार फिर विवाद बढ़ा और हाथापाई की नौबत आ गई। इसी दौरान आरोपी पति ने गुस्से में आकर नंदिनी के साथ बेरहमी से मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। मृतका के शरीर पर चोट के निशान और आरोपी के हाथों पर काटने के निशान मिले हैं, जिससे संघर्ष की पुष्टि होती है। मृतका के भाई के अनुसार, आरोपी ने खुद फोन कर हत्या की जानकारी दी थी। घटना के समय घर में मौजूद देवर और देवरानी की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है, जिन्हें पुलिस ने आरोपी बनाया है।
