सिंगरौली। जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत कूदवार चौकी के ग्राम बेलवानी (नया टोला) में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां 24 घंटे के भीतर पति-पत्नी दोनों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे गांव में मातम और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जिले के जियावन थाना क्षेत्र के कूदवार चौकी अंतर्गत ग्राम बेलवानी (नया टोला) में 24 घंटे के भीतर पति-पत्नी की मौत से सनसनी फैल गई। पत्नी की आत्महत्या के एक दिन बाद पति ने भी फांसी लगाकर जान दे दी। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, बेलवानी निवासी राजेश रावत (25 वर्ष) ने शनिवार दोपहर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने जब उसे फंदे पर लटका देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि राजेश की पत्नी ने शुक्रवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पत्नी की असमय मौत से राजेश गहरे सदमे में था। ग्रामीणों के मुताबिक वह काफी परेशान और मानसिक रूप से व्यथित नजर आ रहा था। इसी बीच उसने भी आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलते ही कूदवार चौकी एवं जियावन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल किसी ठोस वजह की पुष्टि नहीं हुई है। लगातार दो दिनों में हुई इस त्रासदी ने पूरे बेलवानी गांव को गमगीन कर दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
