बाराबंकी। जिले के जैदपुर थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पत्नी की कथित आत्महत्या के महज आठ दिन बाद युवक ने भी फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पत्नी की कथित आत्महत्या के आठ दिन बाद पति ने भी फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना रहीमाबाद गांव की है। जानकारी के मुताबिक, घरेलू विवाद के चलते 5 मई को मिथुन रावत (22) की पत्नी शिवकुमारी (20) ने घर में फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। पत्नी की मौत के बाद से मिथुन गहरे सदमे में था और काफी परेशान रहने लगा था। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार सुबह मिथुन घर से निकला था, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश शुरू की तो घर से करीब एक किलोमीटर दूर आम के पेड़ से उसका शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संतोष सिंह के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।
