हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के विजयनगर क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग शिक्षक को उनकी पत्नी कथित तौर पर कमरे में बंद कर मायके चली गई। शुरुआती कुछ दिनों का खाना खत्म होने के बाद रिश्तेदार पिछले कई दिनों तक खिड़की के रास्ते उन्हें भोजन और पानी पहुंचाते रहे।
जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विजयनगर इलाके में एक बुजुर्ग और बीमार शिक्षक को उनकी पत्नी कथित तौर पर कमरे में बंद कर मायके चली गई। बताया गया कि शुरुआती कुछ दिनों का खाना बनाकर रखा गया था, लेकिन उसके बाद रिश्तेदार खिड़की के रास्ते उन्हें भोजन और पानी पहुंचाते रहे। जानकारी के अनुसार, पड़ोसियों ने कई दिनों तक मामला देखा, लेकिन विवाद और कानूनी झंझट के डर से किसी ने ताला तोड़ने की हिम्मत नहीं की। आखिरकार एक पड़ोसी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का ताला तोड़कर बुजुर्ग को बाहर निकाला। पुलिस के मुताबिक, बुजुर्ग शिक्षक ने अपनी पत्नी के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज कराने से इनकार किया है। उन्होंने पुलिस से पत्नी के लौटने तक ताला न तोड़ने की भी गुहार लगाई थी। डीएसपी हिमांशु माथुर ने बताया कि बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। फिलहाल मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है और पुलिस आवश्यक जांच कर रही है।
