बागपत। जिले के दोघट थाना क्षेत्र की भदाल पुलिस चौकी में पूछताछ के लिए लाए गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। लापरवाही के आरोप में चौकी प्रभारी सहित पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस चौकी में पूछताछ के लिए लाए गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना दोघट थाना क्षेत्र की भदाल चौकी की बताई जा रही है, जहां युवक ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान निरपुड़ा गांव निवासी रोहित (23) के रूप में हुई है, जिसे चोरी के एक मामले में पूछताछ के लिए चौकी लाया गया था। पुलिस के अनुसार पूछताछ के बाद उसे परिजनों को सौंपा जाना था, इसी दौरान उसने यह कदम उठाया। घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि युवक की पिटाई से मौत हुई है और मामले को आत्महत्या बताकर दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में चौकी प्रभारी सहित पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
