सिंगरौली। जिले में हर घर तिरंगा-2026 अभियान 9 से 17 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय एवं संचालनालय स्वराज संस्थान, भोपाल के निर्देशानुसार चलाए जाने वाले इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है।
जिले में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान चलाया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए कलेक्टर गौरव बैनल ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। ग्रामीण क्षेत्र के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश कुमार गोमे तथा शहरी क्षेत्र के लिए नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान को नोडल अधिकारी बनाया गया है। अभियान के तहत प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को और सुदृढ़ किया जा सके। अभियान के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रमों में सामूहिक गायन का आयोजन भी किया जाएगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराने की अपील की है।
